नरसिंहपुर- चावरा विद्यापीठ में बाल दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। पूरे परिसर में बच्चों की खुशियाँ, रंगारंग प्रस्तुतियाँ और उत्सव का वातावरण देखने को मिला। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकों के साथ-साथ अभिभावकों ने भी सक्रिय रूप से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की शुरुआत परंपरागत दीप प्रज्वलन से हुई। जिसने पूरे समारोह को मंगलमय वातावरण प्रदान किया। इसके पश्चात अभिभावकों और शिक्षकों ने नृत्य, गीत, द्वय-गीत तथा द्वय-नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन जीता। उनकी सहभागिता ने कार्यक्रम में चार चाँद लगा दिए और विद्यालय एवं अभिभावकों के मधुर संबंधों को और मजबूत किया। 

इन्होंने किया शानदार प्रदर्शन और पाए पुरस्कार

कक्षा 2 से 5 (द्वय नृत्य) में श्रीमती रीमा गुप्ता, डाॅ अमित चौकसे व श्रीमती योगिता ने अपने बच्चों के साथ शानदार नृत्य किया। कक्षा 6 से 8 (एकल नृत्य) में श्रीमती शारदा रघुवंशी, श्रीमती सोनम मगर्रे, श्रीमती कविता सतपुले ने मनमोहक प्रस्तुति दी। कक्षा 9 से 12 (द्वय गीत) के प्रथम समूह में श्रीमती प्रीति कौरव एवं श्रीमती जया विश्वकर्मा ने और द्वितीय समूह में श्रीमती दीपिका पटेल एवं श्रीमती शिखा पटेल ने मुकाम हासिल किया। साथ ही विशेष प्रस्तुतियां भी हुई।

समारोह में प्रधानाचार्य फादर वर्गीज, उप-प्रधानाचार्या सिस्टर शीजा तथा केजी. प्रभारी सिस्टर एंजेलिन की गरिमामयी उपस्थिति रही। जिनके उत्साहवर्धक संदेशों ने सभी को प्रेरित किया।

कार्यक्रम का संचालन हबीब खान और कंचन मुदगल ने किया।जिन्होंने अपनी प्रभावशाली शैली से पूरे समारोह को जीवंत बना दिया। अंत में प्रज्ञा शर्मा ने आभार प्रदर्शन करते हुए सभी अभिभावकों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और सहयोगी स्टाफ के प्रति आभार व्यक्त किया।

सम्पूर्ण आयोजन बाल दिवस की भावना, मुस्कान, रचनात्मकता और एकता का सुंदर प्रतिबिंब रहा।